स्वयंसेवक प्रमाणिकता व तत्परता से कार्य करें : मा0अजित महापात्रा
(पुनीत पांडे)
गोरखपुर। महाराणा प्रताप इण्टर कॉलेज, गोलघर में आज प्रातः 7 बजे राष्ट्रीय स्वयंसेवक गोरखपुर महानगर के स्वयंसेवकों के एकत्रीकरण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मा. अजित महापात्रा जी (अखिल भारतीय सह गौ सेवा प्रमुख) ने कहा कि लक्ष्य तक पहुचने के लिए स्वयंसेवक प्रमाणिकता व तत्परता से संघ कार्य करें।
संघ की शाखा मनुष्य निर्माण की कार्यशाला है। शाखाओं के माध्यम से संघ राष्ट्रभक्त नागरिकों का निर्माण करता है। डॉक्टर केशव बलिराम हेडगेवार जी ने सम्पूर्ण समाज को राष्ट्रीय दृष्टि से जागृत एवं सक्रिय करते हुए सम्पूर्ण समाज को संगठित करने का कार्य 'राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ' के रूप में शुरू किया। डॉक्टर हेडगेवार देशभक्त और श्रेष्ठ संगठक थे। भारतीय दर्शन, संस्कृति तथा इतिहास का गहराई से अनुभव करने के कारण उन्हें तत्कालीन चुनौतियां, इनके समाधान की राह तथा भविष्य की संकल्पनाएं स्पष्ट थीं। वे एक दृष्टा थे। संक्षेप में कहें तो सामान्य से दिखने वाले डॉक्टर जी असामान्य प्रतिभा के धनी थे। ब्रिटिश साम्राज्य के विरुद्ध उनके मन में कैसी चिढ़ थी, यह उनके बचपन के अनेक प्रसंगों से दिखता है। संघ का उद्देश्य व्यक्तित्व निर्माण कर राष्ट्र को परम वैभव पर ले जाना है। नित्य शाखा पर जाने से स्वयंसेवक साधारण से असाधारण बन जाते हैं। उसके अंदर स्वतः असाधारण क्षमता विकसित हो जाती है।
संघ की प्रेरणा से चलने वाले अनेक संगठनों में समाज के बंधुओं को सक्रिय करने का कार्य सतत् चल रहा है। उक्त अवसर पर स्वयंसेवकों द्वार योग व्यायाम भी प्रस्तुत किये गए। मंच पर मुख्य वक्ता के साथ विभाग संघचालक डॉ0 महेंद्र अग्रवाल जी उपस्थित रहे।।कार्यक्रम में गोरक्ष प्रान्त के सुभाष जी (प्रान्त प्रचारक), रमेश जी (सह प्रान्त प्रचारक), उपेन्द्र प्रसाद द्विवेदी (प्रान्त प्रचार प्रमुख),प्रो संजीत जी( प्रान्त कार्यवाह) आत्मा सिंह,उमेश सिंह, सहित कुल 700 स्वयंसेवक उपस्थित थे।